धनबाद : पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी धनबाद ने हाउसिंग कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत इंदिरा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद उनकी जीवनी, कार्यशैली और देशहित में उनके योगदान पर केंद्रित एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई।जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी आधुनिक भारत की निर्माता और विश्व इतिहास की लौह महिला थीं। उनका दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस और अद्वितीय नेतृत्व आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित करता है।उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने भारत की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
वरिष्ठ नेता भोलाराम ने कहा कि इंदिरा गांधी का राष्ट्र निर्माण में योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे राष्ट्रीय एकता, आर्थिक सशक्तिकरण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पहचान को मजबूत करने वाली महान नेतरी थीं।व्यापार प्रकोष्ठ कांग्रेस अध्यक्ष प्रभात सुरूलिया ने कहा कि इंदिरा गांधी की राष्ट्रनिष्ठा और नेतृत्व क्षमता हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
कार्यक्रम को मंटू दास, राजू दास, बृजनंदन प्रसाद, मोहम्मद कयूम खान, इम्तियाज अली, संतोष चौधरी, सत्यानंद पांडे, आशीष सिंह, रमेश राय, अनूप पांडे, करण दुबे, मृत्युंजय कुमार, गंगा वाल्मीकि, मनोज हाड़ी, अरविंद सैनी, गोपाल कृष्ण चौधरी, अनमोल सिंह, जयमंगल यादव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे और इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
















