धनबाद, 20 नवंबर 2025।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने गुरुवार को समाहरणालय परिसर में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने की पहल की। उन्होंने परिसर में आम, अमरूद सहित कई फलदार पौधे लगाए और अधिकारियों को इस क्षेत्र में विस्तृत हरित पट्टी विकसित करने के निर्देश दिए।
पौधारोपण के बाद उपायुक्त ने समाहरणालय में आगंतुकों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे नए पार्किंग एरिया, सिटिंग तथा वेटिंग ज़ोन और पार्क का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक समाहरणालय आते हैं, इसलिए उनके आराम, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे को उन्नत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि—“आम जनता, अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि सभी समाहरणालय आते हैं। कई बार वाहन खुले में खड़े रहते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए चार पहिया और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग शेडयुक्त बड़ी पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है।”
साथ ही, उपायुक्त ने जिला उद्यान पदाधिकारी को समाहरणालय के पूर्वी हिस्से में भी व्यापक पैमाने पर पौधे लगाने का निर्देश दिया ताकि पूरा परिसर अधिक हरित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित हो सके।निरीक्षण के दौरान जिला उद्यान पदाधिकारी जनार्दन शर्मा, शशि शेखर सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।धनबाद प्रशासन की इस पहल को आगंतुकों के लिए एक बड़ी सुविधा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


















