#धनबाद : मुखिया पति पर फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल व जिंदा गोली बरामद

editor
2 Min Read

📍 बाघमारा, धनबाद | 3 नवंबर 2025बाघमारा थाना क्षेत्र में मुखिया पति शंकर बेलदार पर फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहा कुख्यात अपराधी विश्वजीत चक्रवर्ती उर्फ विशु आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 7.65 एमएम की देसी पिस्टल और दो जिंदा गोली भी बरामद की है।

इस संबंध में सोमवार को बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान विशु ने मुखिया पति पर फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

बरामद हथियार को लेकर आरोपी के खिलाफ बाघमारा थाना कांड संख्या 71/2025 (3 नवंबर 2025) के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी विश्वजीत चक्रवर्ती उर्फ विशु बाघमारा के तेलोटांड़ का निवासी है और उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, उगाही, धमकी देने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

गौरतलब है कि 25 अगस्त 2025 को मुखिया पति शंकर बेलदार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी। इस मामले में बाघमारा थाना कांड संख्या 57/2025 दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को गिरफ्तार किया।👉 पुलिस ने बताया कि बाघमारा क्षेत्र में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।📰 #DhanbadCrime #Baghmara #JharkhandPolice #CrimeNews #BreakingNews

Leave a Comment