नगर निगम चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर अपर समाहर्ता ने की समीक्षा बैठक

editor
2 Min Read

धनबाद | 17 जनवरी 2026:संभावित नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को महापौर के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता श्री विनोद कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की।

अपर समाहर्ता ने बताया कि बैठक का उद्देश्य चुनाव से पूर्व आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी तैयारियों की प्रगति का आकलन करना तथा संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध दिशा-निर्देश देना था।

बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव एक व्यापक और संवेदनशील लोकतांत्रिक प्रक्रिया है, जिसमें मतदाता सूची के अद्यतन से लेकर मतदान, मतगणना और परिणाम घोषणा तक प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, निष्पक्षता और तकनीकी सुदृढ़ता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।

अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार है और इसकी सफलता में प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि तैयारियों की निरंतर निगरानी के लिए नियमित अंतराल पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी।

बैठक में जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्री संजय कुमार झा, आईटी मैनेजर श्री रूपेश कुमार मिश्रा, बिजनेस एनालिस्ट श्री आनंद कुमार, जिला राजस्व शाखा के कार्यालय अधीक्षक श्री राम विलास राम, प्रधान सहायक श्री सुशील कुमार सिन्हा, मो. सोहराब, कुलदीप, श्री प्रशान्त कुमार झा, श्री विजय कुमार, श्री मनीष कुमार, अंशु देव, संतोष कुमार सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Comment