धनबाद, 21 जनवरी 2026:धनबाद के उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के नाम और प्रोफाइल फोटो का दुरुपयोग कर साइबर अपराधियों द्वारा एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है। यह फर्जी अकाउंट मोबाइल नंबर (+84 946654020) से संचालित किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइबर अपराधी इस फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के माध्यम से प्रशासनिक पदाधिकारियों सहित अन्य लोगों को संदेश भेजकर ठगी करने का प्रयास कर रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए ठग के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सूचना दे दी गई है।
इस संबंध में उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने आमजनों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनाधिकृत फोन नंबर या सोशल मीडिया अकाउंट से यदि पैसों की मांग की जाती है, कोई प्रलोभन दिया जाता है या संदिग्ध लिंक भेजा जाता है, तो ऐसे संदेशों को तुरंत नजरअंदाज करते हुए संबंधित अकाउंट को ब्लॉक और रिपोर्ट करें।
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के संदिग्ध मैसेज या लिंक पर क्लिक न करें और साइबर ठगी से बचाव के लिए पूरी सावधानी बरतें। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या साइबर सेल को दें।
















