टुंडी में प्रशासन की सख्ती, बजरंगबली मंदिर रोड से हटाया गया अतिक्रमण

editor
2 Min Read

धनबाद, 18 दिसंबर 2025।उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर टुंडी अंचल अधिकारी श्री सुरेश प्रसाद वर्णवाल ने बुधवार को टुंडी मुख्यालय स्थित बजरंगबली मंदिर से ब्लॉक रोड तक फैले अवैध अतिक्रमण को हटवाया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह कार्रवाई की गई, जिसके दौरान एहतियातन बिजली आपूर्ति भी अस्थायी रूप से बंद रखी गई।

अंचल अधिकारी ने बताया कि सड़क किनारे अवैध निर्माण और कब्जे को लेकर पूर्व में निरीक्षण कर संबंधित लोगों को नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा में न तो अतिक्रमण हटाया गया और न ही कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किया गया। इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह सड़क जनहित से जुड़ी है और इसे सुगम व सुरक्षित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित होता था और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।अभियान के दौरान अंचल निरीक्षक मोहम्मद शहाबुद्दीन, अंचल नाजिर पंकज कुमार, कर्मचारी अशोक कुमार महतो, अमीन मेघलाल महतो, बैजू यादव तथा टुंडी थाना की पुलिस टीम मौजूद रही।

Leave a Comment