धनबाद। स्वास्थ्य विभाग के राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को हीरापुर स्थित एचई स्कूल में किशोरियों के लिए स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर अस्पताल की युवा मैत्री केंद्र की काउंसलर रानी प्रसाद ने छात्राओं को किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं हार्मोनल बदलावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किशोरावस्था अत्यंत संवेदनशील समय होता है, जिसमें शरीर और मन दोनों में कई परिवर्तन आते हैं। ऐसे में घबराने के बजाय अपने सवाल अभिभावकों या शिक्षकों से साझा करना जरूरी है। उन्होंने किशोरियों को पोषण, एनीमिया से बचाव, पर्सनल हाइजीन और तनाव प्रबंधन के बारे में भी जागरूक किया।
रानी प्रसाद ने बताया कि लगभग 50 प्रतिशत किशोरियाँ पोषण की कमी के कारण एनीमिया से प्रभावित होती हैं, इसलिए संतुलित आहार और आयरन युक्त भोजन लेने की सलाह दी गई। साथ ही सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लोगों से दूरी और अभिभावकों से संवाद बनाए रखने पर बल दिया गया।उन्होंने कहा कि “अभिभावक से अच्छा और सच्चा दोस्त कोई नहीं होता। किशोरों को अपनी दैनिक गतिविधियाँ उनसे साझा करनी चाहिए तथा किसी भी समस्या को छुपाना नहीं चाहिए।”
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार एवं अन्य शिक्षक मौजूद थे। स्कूल प्रशासन ने ऐसी जागरूकता गतिविधियों को छात्राओं के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।















