धनबाद में लोगों को एड्स के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को अभया सुंदरी बालिका उच्च विद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) द्वारा जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम झालसा के निर्देश पर प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष मनीष रंजन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश मयंक तुषार टोपनो ने कहा कि एड्स से बचाव का सबसे बड़ा साधन जागरूकता है। जानकारी के अभाव में लोग इस बीमारी की चपेट में आते हैं, इसलिए विद्यालयों, संस्थानों और समाज के विभिन्न वर्गों में जागरूकता अभियान लगातार जारी है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य न केवल एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाना है, बल्कि पीड़ित व्यक्तियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना और सरकारी योजनाओं से जोड़ना भी है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापिका कावेरी सरकार, सहायक एलएडीसीएस कन्हैया लाल ठाकुर, स्वाति कुमारी, अधिकार मित्र गीता कुमारी, चंदन कुमार और अनामिका सिंह की टीम ने छात्राओं को एड्स जागरूकता के साथ-साथ बाल विवाह, बाल श्रम, मानव तस्करी जैसे सामाजिक मुद्दों पर भी जानकारी दी।
स्कूल परिसर से प्रभात फेरी भी निकाली गई, जिसमें छात्राओं ने एड्स से बचाव और जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएँ तापसी बारीक, सुष्मिता कुंडू और अमृता कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहीं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।















