कोलंबिया में वायुसेना का विमान क्रैश:110 कोलंबियाई सैनिक सवार थे, 71 को जिंदा निकाला; टेकऑफ के दौरान हादसा

3 Min Read




कोलंबिया में सोमवार को वायुसेना का एक सैन्य विमान उड़ान भरते समय क्रैश हो गया। इस विमान में 110 कोलंबियाई सैनिक सवार थे। हादसा पेरू सीमा के पास दक्षिणी अमेजन क्षेत्र के प्यूर्टो लेगुइजामो में हुआ। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक 71 सैनिकों को जिंदा बचाया गया है। रक्षा मंत्री पेड्रो सांचेज ने बताया कि एयरफोर्स का हरक्यूलिस C-130 विमान टेक-ऑफ के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। उन्होंने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं है कि हादसे में कितने लोग घायल हुए या उनकी मौत हुई है। राहत और बचाव टीमों को मौके पर भेजा गया है और हालात पर नजर रखी जा रही है। हादसे की वजह की जांच की जा रही है। हादसे की 4 तस्वीरें… कोलंबियाई राष्ट्रपति ने हादसे पर दुख जताया कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने सैन्य विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर हादसा है और उम्मीद जताई कि इसमें किसी की जान न गई हो। पेट्रो ने कहा कि ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी और जवानों की सुरक्षा सबसे जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार सेना को मजबूत बनाने और बेहतर सुविधाएं देने पर काम कर रही है, ताकि आगे ऐसे हादसे न हों। पेट्रो ने कहा कि सेना के हथियार और संसाधनों को आधुनिक बनाने का फैसला पहले ही लिया जा चुका है, लेकिन प्रशासनिक देरी के कारण इसे लागू नहीं किया जा सका। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नागरिक या सैन्य अधिकारी इस चुनौती के अनुरूप काम नहीं कर पाए, तो उन्हें हटाया जाएगा। राष्ट्रपति ने कहा कि सेना के लिए नए हेलीकॉप्टर, ट्रांसपोर्ट विमान और एंटी-ड्रोन सिस्टम तुरंत खरीदे जाने चाहिए, ताकि जवानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हादसे में क्रैश हुए C-130 हरक्यूलिस विमान को जानिए… C-130 हरक्यूलिस दुनिया के सबसे भरोसेमंद सैन्य परिवहन विमानों में से एक है, जिसका इस्तेमाल सैनिकों, हथियारों और राहत सामग्री को पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान कठिन और कच्चे रनवे पर भी उतर सकता है।यह एक बार में भारी सामान, हेलीकॉप्टर, बख्तरबंद गाड़ियां और बड़ी मात्रा में राहत सामग्री ले जा सकता है। इसका इस्तेमाल मेडिकल इमरजेंसी, प्राकृतिक आपदा राहत, आग बुझाने और मौसम की जानकारी जुटाने जैसे कामों में भी होता है। C-130 हरक्यूलिस एक बार में लगभग 42,000 पाउंड (करीब 19,000 किलोग्राम) तक वजन एयरड्रॉप कर सकता है। ———————- ये खबर भी पढ़ें… न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर प्लेन-ट्रक की टक्कर, दोनों पायलट की मौत:एयर ट्रैफिक कंट्रोलर स्टॉप-स्टॉप चिल्लाता रहा, 72 यात्री सवार थे अमेरिका के न्यूयॉर्क में ला गार्डिया एयरपोर्ट पर रविवार रात (स्थानीय समयानुसार) एयर कनाडा एक्सप्रेस का एक विमान लैंडिंग के समय रनवे पर फायर ट्रक से टकरा गया। इससे विमान का अगला हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया। पूरी खबर यहां पढ़ें…



Source link

Share This Article
Leave a Comment