निरसा के केलियासोल ओपी क्षेत्र अंतर्गत डानकाटा प्राथमिक विद्यालय के सामने शुक्रवार की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक एयर पिस्टल गिरा हुआ मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना तुरंत कालूबथान पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एयर पिस्टल को जब्त कर लिया।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि एयर पिस्टल वहां कैसे पहुंचा और इसे किसने छोड़ा। शुरुआती तौर पर कोई संदिग्ध सामने नहीं आया है, लेकिन आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही निरसा थाना क्षेत्र के खुदिया कालीमाटी कॉलोनी में कोयला वर्चस्व को लेकर अपराधियों द्वारा 6 से 7 राउंड फायरिंग की गई थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। ऐसे में एयर पिस्टल की बरामदगी को पुलिस गंभीरता से ले रही है।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हालिया फायरिंग की घटना और बरामद एयर पिस्टल के बीच कोई संबंध तो नहीं है। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
















