---
title: "ऐतिहासिक कुंड पर दीपोत्सव की जगमगाहट के बीच गंदगी का अंबार"
url: "https://vandebharattv.com/aitihasik-kund-pr-dipotsv-ki-jgmgaht-ke-bich-gndgi/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-09T15:56:00+00:00"
---

# ऐतिहासिक कुंड पर दीपोत्सव की जगमगाहट के बीच गंदगी का अंबार

ऐतिहासिक कुंड पर दीपोत्सव की जगमगाहट के बीच गंदगी का अंबार, सफाई व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

जनसहयोग से कुंड की सफाई कर दीपोत्सव तो मनाया, लेकिन तीन दिन से बाहर पड़ा कचरा नहीं उठा पाए जिम्मेदार, दीपावली पर भी बदहाल रही सफाई व्यवस्था।

(माचाड़ीअलवर):-राजगढ़- एक ओर सरकार स्वच्छता अभियान को लेकर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर रही है और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर राजगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। इसका उदाहरण कस्बे के ऐतिहासिक कुंड पर देखने को मिला,जहां जनसहयोग एवं नगरपालिका पार्षदों के प्रयासों से सफाई अभियान चलाकर कुंड की सफाई की गई और ०8 नवंबर 2026 को रात्रि नौ बजे दीपोत्सव का आयोजन कर ऐतिहासिक धरोहर को दीपों से रोशन किया गया। लेकिन इसी कुंड के बाहर पड़ा कचरा दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता रहा।
 \*जानकारी के अनुसार\* दीपावली से करीब तीन दिन पहले पार्षद सर्वेश सैनी की ओर से मनरेगा श्रमिकों के माध्यम से ऐतिहासिक कुंड की सफाई करवाई गई थी। सफाई के बाद निकला कचरा कुंड के बाहर ही डाल दिया गया, जिसे समय पर नहीं उठाया गया। इसके चलते कुंड के आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एक ओर लोग दीपावली पर अपने घरों की साफ-सफाई कर त्योहार की तैयारियों में जुटे थे, वहीं दूसरी ओर ऐतिहासिक कुंड के बाहर गंदगी का ढेर लगा रहा।
 स्थानीय लोगों के अनुसार इस समस्या को लेकर वार्ड पार्षद अनिल गुप्ता और पार्षद सर्वेश सैनी को फोन के माध्यम से कचरा उठवाने के लिए अवगत भी करवाया गया, लेकिन शिकायत के बावजूद दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्योहार पर भी कचरा नहीं उठाया गया। इससे मोहल्लेवासियों में नाराजगी देखने को मिली।
 आखिर सफाई के नाम पर खर्च होने वाला बजट जाता कहां है?
 स्थानीय लोगों ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार स्वच्छता और सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार अभियान चला रही है तथा इस पर भारी बजट खर्च किया जा रहा है, तो फिर नगरपालिका स्तर पर सफाई व्यवस्था को लेकर इतनी उदासीनता क्यों दिखाई जा रही है? जब सफाई अभियान चलाकर कचरा एकत्रित किया जाता है तो उसे निर्धारित स्थान तक पहुंचाने और समय पर उठवाने की जिम्मेदारी किसकी है?
 लोगों का कहना है कि दीपावली जैसे पांच दिवसीय बड़े त्योहार पर हर परिवार अपने घर और आसपास की सफाई करता है, ताकि त्योहार स्वच्छ वातावरण में मनाया जा सके। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का ढेर लगा रहना नगरपालिका की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। यदि सफाई के नाम पर बजट खर्च किया जा रहा है तो उसका लाभ आमजन को धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए।
 दीपोत्सव की रोशनी के साथ प्रशासन से जवाबदेही की मांग
 ऐतिहासिक कुंड पर दीपोत्सव आयोजित कर श्रमदानियों ने राजगढ़ की प्राचीन विरासत को बचाने का सराहनीय प्रयास किया, लेकिन कुंड के बाहर जमा कचरे ने स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल दी। लोगों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए,एकत्रित कचरे का तत्काल उठाव हो तथा सफाई कार्यों की जिम्मेदारी तय की जाए।
 अब सवाल यह है कि जब आमजन और श्रमदानी जनसहयोग से ऐतिहासिक धरोहरों को संवारने में जुटे हैं, तो नगरपालिका अपनी जिम्मेदारी कब निभाएगी? आखिर दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी ऐतिहासिक कुंड के बाहर कचरे का ढेर क्यों लगा रहा और शिकायत के बावजूद उसे क्यों नहीं उठाया गया? नगरपालिका प्रशासन को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
