धनबाद | 13 जनवरी 2026-:मकर संक्रांति के पावन अवसर पर नदी, तालाब, डैम एवं अन्य जलस्त्रोतों में स्नान की परंपरा को देखते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
उपायुक्त ने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अनहोनी से बचने के लिए लोग सुरक्षा नियमों का पालन करें और लापरवाही से बचें। उन्होंने बताया कि मकर संक्रांति के अवसर पर जिले के विभिन्न घाटों, तालाबों, नदियों और डैम क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है।
भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी चिन्हित जलस्त्रोतों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मियों को लगातार निगरानी रखने, भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।उपायुक्त ने लोगों से गहरे पानी में प्रवेश न करने, नशे की हालत में स्नान से बचने तथा बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान रखने की अपील की है। साथ ही, जिले के स्थानीय गोताखोरों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।
प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सतर्कता और जिम्मेदारी से ही पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जा सकता है।















