धनबाद। डीएवी कोयलानगर विद्यालय परिसर में 23 दिसंबर को जिला तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला तंबाकू नियंत्रण इकाई के शुभांकर ने छात्रों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी तथा तंबाकू छोड़ने के लिए उपलब्ध परामर्श सेवाओं और नशा मुक्ति केंद्र की सुविधाओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर विद्यालय के वरीय शिक्षक अरविंद पात्रा ने कहा कि तंबाकू एक सामाजिक बुराई है, जो न केवल व्यक्ति के शरीर और मन को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शुभांकर ने बताया कि भारत में मुंह का कैंसर तेजी से बढ़ती गंभीर समस्या है। मुंह में लगातार दर्द, न भरने वाले घाव, खून आना, सफेद या लाल धब्बे, कठोर उभरे घाव जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में दंत चिकित्सक से जांच करानी चाहिए, ताकि समय रहते उपचार संभव हो सके।कार्यक्रम के अंत में तंबाकू जागरूकता पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 9 की छात्रा आर्या सिन्हा, छात्र ऋषांत, दयाल रावत और कृतिका विजेता रहे। विजेता विद्यार्थियों को टी-शर्ट और बैग देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक अनिल कुमार का भी विशेष योगदान रहा।

















