धनबाद मंडल में ऊर्जा संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

editor
2 Min Read

धनबाद: मंडल रेल प्रबंधक श्री अखिलेश मिश्र की अध्यक्षता में आज मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में ऊर्जा संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 14 से 21 दिसंबर 2025 तक मनाए जा रहे ऊर्जा संरक्षण सप्ताह के तहत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सौर ऊर्जा सहित अन्य नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के उपयोग, ऊर्जा-दक्ष तकनीकों के समावेशन और ट्रेन परिचालन एवं रेल परिसरों में ऊर्जा बचत के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। मंडल रेल प्रबंधक ने “हरित कल के लिए ऊर्जा संरक्षण” की शपथ दिलाई और सभी कर्मचारियों को ऊर्जा बचत के उपाय अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने एयर कंडीशनर के जिम्मेदार उपयोग, बीईई 5-स्टार रेटेड ऊर्जा दक्ष मॉडल का उपयोग और तापमान को 24 डिग्री सेल्सियस पर बनाए रखने का सुझाव दिया।

धनबाद मंडल में रूफटॉप सोलराइजेशन को प्राथमिकता दी जा रही है। वर्तमान में 1 MWp क्षमता का सोलर प्लांट लगाया जा चुका है और 4 MWp क्षमता का सोलर प्लांट लगाने का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त 1770 दक्ष सीलिंग पंखे (BLDC) लगाए जा चुके हैं और 2340 पंखों की स्थापना प्रक्रिया जारी है।

कार्यक्रम में ओरिएंट कंपनी के प्रतिनिधियों ने भी ऊर्जा संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। इस अवसर पर मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित थे।यह पहल न केवल ऊर्जा संरक्षण को सुदृढ़ करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, आर्थिक दक्षता और सतत विकास के लक्ष्यों की प्राप्ति में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Leave a Comment