---
title: "बाराबंकी में स्नातक शिक्षक एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न 72 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग"
url: "https://vandebharattv.com/barabnki-men-snatk-shikshk-emelsi-chunav-shantipurn-snpnn-72/"
language: "en-US"
updated: "2026-10-25T15:23:01+00:00"
---

# बाराबंकी में स्नातक शिक्षक एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न 72 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग

बाराबंकी में स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 72 मतदान केंद्रों पर हुई वोटिंग

भाजपा और सपा के कैंपों पर रही चुनावी हलचल, सुरक्षा व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी में शुक्रवार को लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। जिले के कुल 72 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई गई। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।

मतदान के दौरान भाजपा और समाजवादी पार्टी के कैंपों पर चुनावी गतिविधियां तेज रहीं, जबकि निर्दलीय प्रत्याशियों के कार्यकर्ता मतदान केंद्रों के आसपास खास नजर नहीं आए। रामनगर स्थित यूनियन इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार पर कोतवाल अरुण प्रताप सिंह सहित पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा के मद्देनजर मतदाताओं को मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन और पेन ले जाने से रोका गया, ताकि मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

वहीं, भगवान देवी पाटन शाह स्कूल में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी देखने को मिली। यहां अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत और पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हैदरगढ़ क्षेत्र में भी सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ। यहां चार बूथों पर वोटिंग कराई गई। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया।

मतदान प्रक्रिया का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी निरंकार और अपर पुलिस अधीक्षक रितेश सिंह ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया का जायजा लिया।

जनपद में स्नातक निर्वाचन के लिए 54 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 18 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इस चुनाव के माध्यम से स्नातक एवं शिक्षक मतदाता विधान परिषद में अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं। प्रशासन का उद्देश्य पूरे चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना रहा।

अमर सिंह
 ब्यूरो चीफ, बाराबंकी
 वंदे भारत न्यूज़
 सच की आवाज, जनता के साथ
