---
title: "बड़ी खबर: हमीरपुर के राठ में महिला की मौत के बाद कोतवाली में हंगामा, चार आरोपी गिरफ्तार"
url: "https://vandebharattv.com/bdi-khbr-hmirpur-ke-rath-men-mhila-ki-maut/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-11T12:23:24+00:00"
---

# बड़ी खबर: हमीरपुर के राठ में महिला की मौत के बाद कोतवाली में हंगामा, चार आरोपी गिरफ्तार

राठ (हमीरपुर)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली क्षेत्र के बसेला गांव में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल हुई 60 वर्षीय महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को परिजन महिला का शव लेकर राठ कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

क्या है पूरा मामला?
 प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 अक्टूबर 2026 को बसेला गांव में तालाब में कचरा फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इस दौरान कल्लू अहिरवार की पत्नी फूला देवी (60 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं।
 घायल महिला को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें उरई और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां करीब आठ दिनों तक उपचार चलने के बाद सोमवार 9 नवंबर को उनकी मौत हो गई।

शव लेकर कोतवाली पहुंचे परिजन
 महिला की मौत के बाद मंगलवार सुबह परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर राठ कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली परिसर में शव रखकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया
 क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह के अनुसार, मृतका के पुत्र नरेंद्र अहिरवार की तहरीर पर पहले ही पांच नामजद लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
 महिला की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) की बढ़ोतरी की है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
 फिलहाल गांव में घटना को लेकर शोक और तनाव का माहौल है।
 रिपोर्ट: पत्रकार निज़ामुद्दीन खान उर्फ डॉ. निज़ाम ख़ान |
 वंदे भारत न्यूज हमीरपुर
 हमीरपुर, उत्तर प्रदेश
