धनबाद, 27 नवंबर 2025केंद्रीय कोयला सचिव विक्रम देव दत्त के शुक्रवार, 28 नवंबर को प्रस्तावित धनबाद दौरे से पहले जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आगामी कार्यक्रमों और निरीक्षण को सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आज बेलगड़िया पुनर्वास क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने बताया कि बेलगड़िया पुनर्वास परियोजना को उच्च मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि विस्थापित परिवारों को बेहतर सुविधाएँ मिल सकें। उन्होंने कहा कि “विस्थापितों को प्रीमियम सोसायटी की तरह आधुनिक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। यहाँ 24 घंटे बिजली, पानी, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा जैसी सभी मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित की जा रही हैं।”
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु निर्माणाधीन पुलिस टीओपी का भी निरीक्षण किया। वहीं, बेलगड़िया को शहर से बेहतर जोड़ने के लिए आसपास की सड़कों को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त ने कहा कि भविष्य में बेलगड़िया धनबाद के विकसित और पहचान वाले क्षेत्रों में शामिल होगा।प्रशासन युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दे रहा है। इसके तहत 20 ई-रिक्शा का वितरण किया जा चुका है और युवाओं की आवश्यकताओं को समझकर उनके लिए और भी रोजगार योजनाएँ शुरू करने की तैयारी है।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने बेलगड़िया में नवनिर्मित एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, पुलिस टीओपी सहित अन्य संरचनाओं का भी जायजा लिया।इस मौके पर डीआरडीबी निदेशक राजीव रंजन, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, डीएसओ पंकज कुमार सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे।केंद्रीय कोयला सचिव के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सभी कार्यों को समय पर पूरा करने और तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।


















