धनबाद | 13 जनवरी 2026-:सर्व धर्म सामूहिक विवाह समिति की ओर से आगामी 18 जनवरी को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में आयोजित होने वाले 101 जोड़ों के सामूहिक विवाह को लेकर मंगलवार को विधिवत भूमि पूजन किया गया। इस अवसर पर विवाह स्थल पर धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न हुआ।
भूमि पूजन के मुख्य यजमान उपेन्द्र सिंह अपनी पत्नी सरिता सिंह के साथ तथा समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह अपनी पत्नी जया सिंह के साथ उपस्थित रहे। पूजा के पश्चात समिति की ओर से सभी चयनित जोड़ों के बीच विवाह के लिए जोड़ा (वस्त्र) वितरण भी किया गया।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि यह आयोजन लगातार 12वें वर्ष किया जा रहा है, जिसमें इस वर्ष भी सभी धर्मों से जुड़े 101 बालिग युवक-युवतियों का निशुल्क विवाह संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि पूजन के बाद गोल्फ ग्राउंड में पंडाल, मंच और मंडप निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है।उन्होंने जानकारी दी कि 16 जनवरी की शाम 6 बजे से माता की चौकी एवं जागरण का आयोजन किया जाएगा। वहीं 17 जनवरी को सुबह 10 बजे से आशा महिला ग्रुप के सहयोग से विवाह स्थल पर रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। इसी दिन शाम में मेहंदी और संगीत कार्यक्रम का आयोजन होगा।
18 जनवरी को सुबह 10 बजे से बारात, जयमाला एवं विवाह की सभी रस्में बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ संपन्न की जाएंगी।भूमि पूजन कार्यक्रम में समिति के सभी सदस्यगण एवं महिला विंग की सदस्याएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने सभी जोड़ों को वस्त्र वितरण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
















