पलामू। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की लगातार कार्रवाई के बीच बुधवार को एक और बड़ी सफलता मिली। पलामू जिले के चैनपुर अंचल कार्यालय में पदस्थापित बड़ा बाबू विनोद कुमार को 5500 रुपये रिश्वत लेते हुए ACB की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बड़ा बाबू वादी से नकल (दस्तावेज) निकालने के एवज में अवैध रूप से 5500 रुपये की मांग कर रहा था। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत ACB से की गई, जिसके बाद टीम ने ट्रैप संचालन कर उसे पकड़ लिया।
जैसे ही वादी ने पैसे दिए, एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बड़ा बाबू को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद टीम ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।
ACB की इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है। टीम का कहना है कि सरकारी कार्यों में घूसखोरी और भ्रष्टाचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
















