वासेपुर में धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कई इलाकों में एक साथ छापेमारी, प्रिंस खान गिरोह पर शिकंजा कसने की तैयारी

editor
2 Min Read

📍 धनबाद | मंगलवार, 4 नवंबर 2025धनबाद के वासेपुर इलाके में मंगलवार तड़के से पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया है। सुबह करीब 4 बजे से पुलिस की कई टीमें वासेपुर के अलग-अलग इलाकों में एक साथ सक्रिय हैं। यह कार्रवाई चार घंटे से अधिक समय से लगातार जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने रहमतगंज, मटकुरिया मंदिर ग्राउंड, नया बाजार, कबाड़ी पट्टी, पंद्रपल्ला, शमशेर नगर और आरा मोड़ समेत कई इलाकों में एक साथ छापेमारी की है। अभियान का नेतृत्व सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी कर रहे हैं, जबकि डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस टीम मौके पर मौजूद है।

हालांकि अब तक आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह छापेमारी कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध ठिकानों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई रंगदारी वसूली, धमकी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल प्रिंस खान गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए की जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ वर्षों से प्रिंस खान ने धनबाद जिले में आतंक फैला रखा है, और उसके गिरोह के सदस्य हत्या, गोलीबारी व धमकी जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देते आ रहे हैं।

पुलिस का यह अभियान जिले में फैले आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करने और व्यापारियों, ठेकेदारों व आम नागरिकों को अपराधियों के डर से मुक्ति दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान से जुड़े जशेदपुर के गैंगस्टर भानु मांझी को तेतुलमारी में एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया था। फिलहाल भानु मांझी पुलिस हिरासत में है, और उसके बयान के आधार पर कई अन्य ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।👉 फिलहाल धनबाद पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान आने का इंतजार है।📰 #Dhanbad #Wasseypur #PoliceRaid #PrinceKhan #BreakingNews #JharkhandCrime #DhanbadPolice #VandeBharatNews

Leave a Comment