धनबाद में अपराध नियंत्रण को लेकर बड़ा फैसला, 3400 रिहा अपराधियों का होगा पुनः सत्यापन

editor
2 Min Read

धनबाद।जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस प्रशासन ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। पिछले पांच वर्षों में जेल से रिहा हुए लगभग 3400 अपराधियों का नए सिरे से सत्यापन कराया जाएगा। इस व्यापक अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का सख्त निर्देश दिया गया है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी और डकैती जैसे संपत्तिमूलक अपराधों में संलिप्त अपराधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों, रहन-सहन, संपर्कों और संभावित आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच की जाएगी, ताकि समय रहते किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोका जा सके।

बैठक में यह भी अहम निर्णय लिया गया कि पैसे लेकर फर्जी जमानतदार बनने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने साफ किया कि ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस प्रशासन ने दो टूक कहा है कि धनबाद में अपराध और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए यह अभियान जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार जारी रहेगा। पुलिस के इस फैसले को जिले में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment