धनबाद जिले के निरसा थाना क्षेत्र स्थित बारबेंदिया नदी घाट में नहाने के दौरान एक युवक की मौत हो गई। सोमवार सुबह पुलिस ने दूसरे दिन अभियान चलाकर युवक का शव नदी से बरामद किया। मृतक की पहचान धनु रवानी (35) के रूप में हुई है, जो रविवार सुबह अपने दोस्तों के साथ नदी घाट पर नहाने और पार्टी करने गया था।
सूत्रों के मुताबिक, सुबह करीब 10:30 बजे नहाते वक्त धनु गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हैरानी की बात यह रही कि उसके साथ मौजूद दोस्त न तो उसे बचाने की कोशिश की, न ही घटना की जानकारी परिजनों को दी। डूबने की सूचना किसी अन्य व्यक्ति के माध्यम से परिवार तक पहुंची, जिसके बाद धनु की पत्नी तुलसी रवानी ने एमपीएल ओपी प्रभारी सुमन कुमारी को जानकारी दी।
रविवार को अंधेरा होने के कारण खोज अभियान शुरू नहीं हो सका। सोमवार सुबह पुलिस टीम ने फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और कई घंटों बाद शव बरामद कर लिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक पीछे एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गया है।
स्थानीय लोगों ने दोस्तों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए जांच की मांग की है। मौके पर जिला परिषद सदस्य दीपाली रुहिदास, मुखिया, रॉबिन धीवर, अशोक मंडल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।— वंदे भारत न्यूज़















