धनबाद, 02 दिसंबर 2025माननीय प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव सह राज्य के विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा ने मंगलवार को धनबाद के एना माइन्स प्रोजेक्ट का भ्रमण किया। उनके साथ कोल इंडिया के चेयरमैन श्री सनोज कुमार झा और पीएमओ के डायरेक्टर श्री पार्थिबन पी. भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने उन्हें जेआरडीए के तहत बेलगड़िया टाउनशिप में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने बताया कि पुनर्वासित परिवारों को गुणवत्तापूर्ण मूलभूत सुविधाएँ, योजनाओं का लाभ और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रधान सचिव ने टाउनशिप के विस्थापित परिवारों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को समझा। उन्होंने विशेष रूप से रोजगार, कौशल प्रशिक्षण और अन्य आय के साधनों के संबंध में लोगों की अपेक्षाओं को जाना।इस दौरान स्थानीय लोगों ने 20 ई-रिक्शा वितरण को लेकर प्रधान सचिव और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. मिश्रा स्वयं ई-रिक्शा पर बैठकर लाभार्थियों का हौसला बढ़ाते भी दिखे।
प्रधान सचिव ने उपायुक्त आदित्य रंजन को निर्देश दिए कि बेलगड़िया टाउनशिप में रह रहे विस्थापितों को बेहतर आवासीय व्यवस्थाएँ, स्वास्थ्य सेवाएँ, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न हो। उन्होंने सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने पर जोर दिया।इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, बीसीसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल सहित कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद थे।—:धनबाद से Vande Bharat News के लिए रिपोर्ट।




















