धनबाद | विशेष संवाददाता रिपोर्ट | 24 अक्टूबर 2025:बलियापुर थाना पुलिस ने चोरी की लगातार हो रही घटनाओं के बीच गुरुवार को दो पेशेवर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का पर्दाफाश किया। प्रेस वार्ता में सीटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव, सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष सत्यम, सिंदरी अंचल इंस्पेक्टर रंजीत कुमार और बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार उपस्थित रहे।
सीटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि 1 सितंबर 2025 की रात बलियापुर थाना क्षेत्र के आमटाल निवासी चंडी चरण चटर्जी के घर चोरी हुई थी। चोरों ने 50 हजार रुपये नकद, 7-8 सोने के गहने, मोबाइल फोन, गाड़ी की चाबी, आधार और वोटर कार्ड सहित अन्य कीमती दस्तावेज चुरा लिए थे।घटना के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी निगरानी और छापेमारी के जरिए पुलिस ने झरिया के बालुगदा निवासी बादल महतो और बेलगड़िया कॉलोनी के ललन मंडल उर्फ लाला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने न केवल बलियापुर की चोरी में संलिप्तता स्वीकार की, बल्कि झरिया, बोरागढ़ और जोरापोखर थाना क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी भूमिका कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से कीमती जेवरात, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और नकदी बरामद कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बलियापुर थाना प्रभारी और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा —> “धनबाद पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण के लिए प्रतिबद्ध है। इस तरह की सतर्कता से चोरी की घटनाओं में कमी आएगी और अपराधियों में कानून का डर बढ़ेगा।”
सिंदरी डीएसपी और थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके में गश्त और निगरानी को और सख्त किया जा रहा है, ताकि ऐसे अपराधों की पुनरावृत्ति न हो।यह कार्रवाई बलियापुर पुलिस की सतत मेहनत और टीमवर्क का परिणाम है और जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
















