जामताड़ा | 6 नवंबर 2025जामताड़ा पुलिस को करमाटांड़ थाना क्षेत्र में हुए दो अपहरण मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत दो नाबालिग युवकों को सकुशल बरामद कर लिया है और इस घटना में शामिल पांच अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आज़ाद अंसारी, श्री अंसारी, समद अंसारी, शिवलाल मरांडी और अब्दुल हबीब के रूप में हुई है। इनमें आज़ाद अंसारी देवघर जिले के मार्गोमुंडा का निवासी है, जबकि श्री अंसारी गिरिडीह के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, एक बोलेरो गाड़ी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। यह अपहरण करमाटांड़ थाना क्षेत्र के साइबर हब इलाके में किया गया था।पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर को अपहरणकर्ताओं ने दो युवकों का अपहरण कर 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। धमकी दी गई थी कि फिरौती नहीं देने पर दोनों की हत्या कर दी जाएगी। इस मामले में 3 नवंबर को करमाटांड़ थाना में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई थीं।
एसपी राजकुमार मेहता के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के आधार पर गिरिडीह, देवघर और जामताड़ा में एक साथ छापेमारी की। इसी दौरान गिरिडीह पुलिस की मदद से गिरोह का भंडाफोड़ किया गया और पांच अपराधियों को धर दबोचा गया।जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह फिरौती के लिए अपहरण करने वाले एक संगठित आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा है, जिसमें कुल 16 सदस्य शामिल हैं। शेष आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
एक अपहृत युवक को धरमपुर में एक आदिवासी व्यक्ति के घर में बंधक बनाकर रखा गया था, जबकि दूसरे युवक की पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है। दोनों को सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंप दिया गया है।
एसपी राजकुमार मेहता ने कहा —> “जामताड़ा पुलिस अपराध और फिरौती के मामलों में ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। गिरोह के सभी फरार सदस्यों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।”फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जामताड़ा जेल भेज दिया गया है।#JamtaraPolice #CrimeNews #VandeBharatNews #JharkhandNews















