बिनोद बिहारी महतो चौक अतिक्रमण मुक्त, प्रशासन ने चलाया अभियान

editor
2 Min Read

धनबाद | 13 जनवरी 2026-:उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर तथा अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे के मार्गदर्शन में मंगलवार को जिला प्रशासन ने 8 लेन रोड स्थित बिनोद बिहारी महतो चौक पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई में चौक को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

अभियान के दौरान कार्यपालक दंडाधिकारी श्री नारायण राम एवं धनबाद अंचल अधिकारी श्री रामप्रवेश कुमार की मौजूदगी में सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई दुकानों, अस्थाई एवं पक्के निर्माण को हटाया गया। प्रशासन ने मौके से करीब 50 बोरी सीमेंट, स्टोन चिप्स सहित अन्य निर्माण सामग्री भी जब्त की।

कार्रवाई के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ अतिक्रमणकारियों ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर बिजली कनेक्शन भी ले रखा था। इस मामले की अलग से जांच किए जाने की बात कही गई है।उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने बताया कि उक्त स्थान पर अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अवैध कब्जाधारियों को कई बार स्थल खाली करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन आदेश का पालन नहीं होने के कारण प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।

उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इसी तरह का अभियान चलाकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया है। विशेष रूप से उन स्थानों पर कार्रवाई करने को कहा गया है, जहां अतिक्रमण के कारण आए दिन ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है, जिससे स्कूली वाहन, एंबुलेंस समेत आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

Leave a Comment