भाजपा धनबाद महानगर ने श्रद्धा व सम्मान के साथ मनाया वीर बाल दिवस

editor
2 Min Read

धनबाद | 26 दिसंबर 2025भारतीय जनता पार्टी धनबाद जिला महानगर के तत्वावधान में शुक्रवार को हाउसिंग कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन में वीर बाल दिवस श्रद्धा, सम्मान और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने की। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में गुरु गोविंद सिंह जी के चारों साहिबजादों के अद्वितीय साहस और अमर बलिदान को स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा, भाजपा झारखंड प्रदेश प्रभारी रोहित लाल सिंह, महानगर अध्यक्ष श्रवण राय, जिला प्रभारी विष्णु त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम प्रभारी सह जिला मंत्री पंकज सिन्हा, मानस प्रसून सहित अन्य पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने साहिबजादे बाबा जोरावर सिंह एवं बाबा फतेह सिंह के साथ-साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

विधायक राज सिन्हा ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह जी के वीर साहिबजादों ने अल्पायु में धर्म और देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर इतिहास में अमिट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीर बाल दिवस मनाने की पहल का उद्देश्य इस बलिदान गाथा को हर पीढ़ी तक पहुंचाना है।प्रदेश प्रभारी रोहित लाल सिंह ने कहा कि साहिबजादों का पावन बलिदान सनातन संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के लिए युगों-युगों तक प्रेरणा देता रहेगा। जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने इसे अमूल्य धरोहर बताते हुए कार्यकर्ताओं से साहिबजादों के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मानस प्रसून ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री सह कार्यक्रम प्रभारी पंकज सिन्हा ने किया। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment