धनबाद/पटना। बेहतर झारखंड के संस्थापक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मयूर शेखर झा ने पटना में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर मयूर शेखर झा ने नितिन नवीन को नई जिम्मेदारी संभालने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुलाकात के दौरान संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ झारखंड, विशेषकर संथाल परगना क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठ और उससे हो रहे जनसांख्यिकीय परिवर्तन के गंभीर मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई। मयूर शेखर झा ने इस समस्या को आदिवासी अधिकारों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने स्पष्ट कहा कि पार्टी बांग्लादेशी घुसपैठ के खिलाफ पूरे देश में, विशेष रूप से झारखंड और पश्चिम बंगाल में, पूरी ताकत के साथ अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ा है और भाजपा इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुलाकात के बाद मयूर शेखर झा ने कहा कि नितिन नवीन की ऊर्जा, दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से वे अत्यंत प्रेरित हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त होगी तथा घुसपैठ जैसे गंभीर विषयों पर निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।
यह मुलाकात झारखंड समेत पूरे पूर्वी भारत में संगठन को मजबूत करने और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर ठोस रणनीति बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
















