धनबाद/झरिया।झरिया थाना क्षेत्र के भगतडीह परसाटांड़ निवासी 50 वर्षीय लोडर सुबोध कुमार सिन्हा का शव तीन दिनों बाद गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, सुबोध कुमार सिन्हा 22 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे घर से गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कौवाबांध स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने निकले थे। लोडिंग के बाद शाम करीब 5 बजे वे वाहन के कागजात देने के लिए भट्ठा परिसर से बाहर गए और पास के साइबर कैफे में प्रिंटआउट कराने पहुंचे। शाम 5:30 बजे उनकी पत्नी बबीता देवी से आखिरी बार मोबाइल पर बात हुई, इसके बाद फोन बंद हो गया।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, इस दौरान मृतक की मोटरसाइकिल भट्ठा परिसर में ही खड़ी मिली। पत्नी ने गोविंदपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
आज सुबह कालाडीह पुलिया के नीचे पानी में एक शव देखे जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पहचान सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में की। मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने पूरे मामले में हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।गोविंदपुर थाना के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

















