Bonda Tribe Women Dress Tradition; Marriage Customs

16 Min Read


सुबह करीब 10 बजे का वक्त। मिट्टी से लिपा-पुता एक कच्चा घर। बाहर सिर मुंडाए दो महिलाएं बैठी हैं। उम्र करीब 38-40 साल। ऊपरी बदन लगभग नंगा। बाकी शरीर पर नाम मात्र के कपड़े।

.

छाती छिपाने के लिए मोतियों और कौड़ियों से बनी मालाएं। गले में एल्युमीनियम के ढेर सारे छल्ले भी। हाथों में अंगूठी और कानों में दो अलग-अलग तरह की बालियां। ये हैं बोंडा सुमदाय की महिलाएं।

मैं मनीषा भल्ला दैनिक भास्कर की खास सीरीज ‘हम लोग’ में लाई हूं इसी बोंडा समुदाय की कहानी। मैं पहुंची हूं दिल्ली से 1700 किलोमीटर दूर ओडिशा के बोंडा हिल्स…

अब सिर्फ 9,200 बोंडा लोग बचे हैं। इनसे मिलने पर पाबंदी है। सरकार को डर है कि घुलने-मिलने से बोंडा संस्कृति खत्म न हो जाए। बेहद जरूरी होने पर ही इनसे मिलने की परमिशन मिलती है। सो मैं बोंडा डेवलपमेंट एजेंसी के ऑफिस पहुंच गई।

ये दफ्तर गांव की शुरुआत में ही है। बोंडा प्रोजेक्ट हिल्स के प्रोजेक्ट मैनेजर शशिकांत समांतारे से मिली। उन्होंने लक्ष्मी नाम के एक शख्स को मेरे साथ कर दिया। कह तो वो ये रहे थे कि लक्ष्मी मेरी मदद करेंगे, लेकिन वो मुझ पर नजर रख रहे थे।

लक्ष्मी गांव की तरफ चलते हुए बताते हैं कि- ‘10 साल पहले तक बोंडा महिलाएं बिना कपड़ों के रहती थीं। सिर्फ प्राइवेट पार्ट एक छोटे से कपड़े से ढक लेती थीं, जिसे रिंगा कहते हैं। ऊपरी हिस्से पर केवल मोतियों की माला पहनती थीं।’

बोंडा महिलाएं जो ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं पहनतीं।

बोंडा महिलाएं जो ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं पहनतीं।

हम गांव में घुसे ही थे कि चिकनी मिट्‌टी से खिलौने बनाते बच्चे नजर आने लगे। हमें देखते ही हंसने लगे। शायद उन्हें मेरा पहनावा अजीब लग रहा था। मैं कार्गो पैंट और टीशर्ट जो पहने थी।

मिट्टी के खिलौने बनाते बोंडा बच्चे।

मिट्टी के खिलौने बनाते बोंडा बच्चे।

सुबह का वक्त था, कई महिलाएं घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। मेरे साथी लक्ष्मी ने एक कोने की तरफ इशारा किया और बोले- ‘कल रात यहीं गांव की लड़कियां डांस कर रही थीं। लड़के देख रहे थे। इस दौरान कुछ लड़कों ने लड़कियों को पसंद कर लिया। हमारे यहां शादियों की शुरुआत ऐसे ही होती है।

डांस करती लड़कियों को लड़के पसंद करते हैं। अपनी पसंद परिवार को बताते हैं। फिर उनका परिवार शराब की बोतल, चूड़ी और अंगूठी लेकर लड़की के घर पहुंचता है। शादी का प्रस्ताव रखता है, लेकिन लड़की वाले इनकार कर देते हैं। लड़के वाले दोबारा आते हैं। लड़की वाले फिर मना कर देते हैं। ये सिलसिला डेढ़ साल तक चलता है।

आखिरकार एक दिन लड़के वाले लड़की के घर आते हैं और उसका पूरा घर तहस-नहस कर देते हैं। तब जाकर लड़की वाले शादी के लिए हामी भरते हैं। सुनने में ये थोड़ा अजीब लग रहा होगा, लेकिन ये सब रिवाज है, कोई दुश्मनी नहीं। आखिर लड़के वाले, लड़की के परिवार को मुर्गी, सुअर और बकरी देकर रिश्ता पक्का कर देते हैं।’

डांस के दौरान लड़कियां शादी के लिए पसंद की जाती हैं।

डांस के दौरान लड़कियां शादी के लिए पसंद की जाती हैं।

‘इसके बाद शादी कैसे होती है?’ मैंने पूछा

‘हमारे यहां बारात दूल्हे के घर की महिलाएं लेकर जाती हैं, मर्द नहीं। गीत गाती, नाचती ये महिलाएं पैदल लड़की के घर पहुंचती हैं। लड़की को शादी का जोड़ा पहनाती हैं। ये जोड़ा भी लड़के वालों की तरफ से ही आता है। फिर ये महिलाएं लड़की को अपने साथ घर ले आती हैं।

जब लड़की ससुराल की चौखट पर पहुंचती है, तो पुरोहित उसी चौखट पर मुर्गी की बलि देता है। मुर्गी के खून से पुरोहित लड़की और लड़के का तिलक करता है। यहीं पर लड़की की एक छोटी सी परीक्षा होती है। उसे चावल पकाकर पूरे परिवार को खिलाना होता है। इसके बाद से दुल्हन शादीशुदा मानी जाती है और उसे बहू का दर्जा मिल जाता है।’

एक घर के बाहर एक महिला और पुरुष बैठे बात कर रहे हैं। हाव-भाव से लग रहा है कि पति-पत्नी हैं। पत्नी की उम्र ज्यादा और पति की कम लगा रही है। मैंने लक्ष्मी को उनसे मिलवाने का इशारा किया। महिला का नाम है सोगी।

मैंने सोगी से पूछा, ‘ये आपके पति हैं?’

जवाब मिला ‘हां’

लेकिन इनकी उम्र तो आपसे काफी कम लग रही है?

सोगी मुस्कुराईं और बोलीं- ‘मेरा पति मुझसे आठ साल छोटा है। हमारे यहां 10 साल के लड़के की शादी कर दी जाती है, लेकिन लड़की की उम्र कम से कम 18 साल होती है। हर रिश्ते में जरूरी है कि लड़की, लड़के से बड़ी हो। इसकी वजह तो किसी को नहीं मालूम, लेकिन यही नियम है। आज तक किसी ने इसे नहीं तोड़ा है।’

सजी-धजी बोंडा महिलाएं।

सजी-धजी बोंडा महिलाएं।

बोंडा लोग हिंदी या उड़िया नहीं जानते। इनकी भाषा रेमो है। इन्हें हिंदी में केवल एक वाक्य बोलना आता है कि पैसा दे, पैसा दे। इन्हें पता लग गया है कि बाहरी इनके गांव आकर तस्वीरें खींचते हैं। फिर उससे पैसा कमाते हैं। इसलिए फोटो खींचने या वीडियो बनाने पर आपको हर बोंडा को पैसे देने होते हैं।

गांव में मिट्टी और घास-फूस से बने कुल 1900 घर हैं। सरकारी योजना के तहत इनमें से 1200 घरों को ढहाकर नए पक्के घर बनाए जा रहे हैं। इसके लिए सरकार ने दो-दो लाख रुपए दिए हैं। जगह-जगह मलबा और बल्लियां रखी हुई हैं।

एक घर के बाहर महिला झाड़ू लगा रही है। मैं उनसे मिलने पहुंची तो उन्होंने घर के अंदर आने के लिए कहा। महिला का नाम है चुनकी धंधमाझी। वो मुझे अपनी रसोई में ले गईं। पूरी तरह से मिट्‌टी से लिपी हुई एकदम साफ-सुथरी रसोई। यहां मिट्टी के कई चूल्हे बने हैं। दो पर दाल, सब्जी और एक पर चावल पक रहा है। पास में सिर्फ तेल, नमक और मिर्च रखे हैं। दीवार पर कुछ पॉलिथीन टंगी हैं।

बोंडा समुदाय के घरों में ऐसी एक बड़ी रसोई के अलावा सिर्फ एक कमरा होता है। इनके घरों में बिस्तर नहीं होते, कपड़े और बर्तन भी गिने चुने।

चुनकी से मैंने बोंडा महिलाओं की पहनावे के बारे में पूछा। वो बताने लगीं कि ‘मोतियों और कौड़ियों की जो माला वे पहनती हैं उसे लुबैदक कहते हैं। एल्युमीनियम के छल्लेनुमा गहने को उसुन्गु कहते हैं।

चुनकी बताती हैं कि ‘महिलाओं के इस तरह से सजने संवरने के पीछे कहते हैं कि एक बार माता सीता नहा रही थीं। बोंडा समुदाय के लोग उन्हें देखकर हंसने लगे। नाराज सीता ने उन्हें हमेशा वस्त्रहीन रहने का श्राप दे दिया।

ये सुनते हो बोंडा लोग माफी मांगने लगे। तब माता सीता ने अपनी धोती फाड़कर एक छोटा सा टुकड़ा महिलाओं को दिया। ये कपड़ा महिलाओं के निचले हिस्से को ढकने के लिए था। जिसे ये लोग रिंगा कहते हैं।’

पारंपरिक आभूषणों में बोंडा महिलाएं।

पारंपरिक आभूषणों में बोंडा महिलाएं।

बात करते हुए चुनकी चूल्हे पर खाना बना रही हैं। चूल्हे के ठीक ऊपर लकड़ी का एक छोटा झूला टंगा है। इस पर यह लोग मांस भूनते हैं। फिलहाल इस पर बींस भुन रही है। रसोई से अंदर की तरफ एक बड़ा कमरा है। जिसमें पलंग पर धान, छोटे-छोटे टमाटर, प्याज, चावल रखे हैं।

पास ही एल्युमीनियम के पतीले में भात यानी पका चावल रखा है। एक मटके में भी कुछ रखा है। पूछने पर चुनकी बोलीं- ‘इसमें मंडिया है।’ चखा तो एकदम खट्‌टे दही जैसा लगा। दरअसल, मंडिया इनका स्थानीय अनाज है जिसे पानी में नमक और हल्दी डालकर पकाया जाता है।

इसे ये लोग चावल के साथ खाते हैं। चुनकी बताती हैं कि भात, गाय का मांस, सुअर का मांस और बींस की सब्जी हमारा पारंपरिक खाना है।

बोंडा महिला की शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई वस्त्र नहीं है।

बोंडा महिला की शरीर के ऊपरी हिस्से पर कोई वस्त्र नहीं है।

यहां से मेरे साथी लक्ष्मी मुझे अपने घर ले गए। पहुंचते ही मेरे सामने शराब रख दी। बोले- ये हमारी अपनी बनाई शराब है। मेहमानों को यही पिलाते हैं।

ये शराब एक खास तरह के बर्तन में दी। ये बर्तन डाल पर ही सूखी हुई लौकी से बना है। इसे चखा तो स्वाद चावल की मांड़ जैसा थोड़ा कड़वा और खट्‌टा लगा। ये सलभ नाम के पेड़ के पत्तों के रस से बनती है।

लौकी का बर्तन जिससे पानी वगैरह पीते हैं।

लौकी का बर्तन जिससे पानी वगैरह पीते हैं।

एक ही कुल में शादी पाप मानी जाती है। अगर कोई अपने ही कुल में शादी कर ले तो उसे समाज से बेदखल कर देता है। जुर्माने के तौर पर एक गाय या बैल और कुछ पैसे भी देने पड़ते हैं।

शादी के बाद अगर लड़की किसी लड़के को छोड़ दे, तो उसके परिवार पर जुर्माना लगाया जाता है। लड़का अगर लड़की को छोड़ दे तो उसे भी यही सजा दी जाती है। परिवार की मर्जी के बिना अपनी जाति से बाहर शादी करने पर लड़का-लड़की को समाज से बाहर कर दिया जाता है।

कुछ समय बाद मामला दोबारा देख कर जुर्माना लगाया जाता है। उन्हें गांव में दावत देनी पड़ती है। तब जाकर समाज में शामिल किया जाता है। हालांकि, उनके हाथ से खाना-पानी नहीं लिया जाता, सिर्फ सूखा अनाज ही स्वीकार होता है। अब ये परंपराएं धीरे-धीरे बदल रही हैं।’

बोंडा समुदाय की अपनी अदालत है। एक पेड़ के नीचे पत्थरों से बना प्लेटफॉर्म है, जहां यह स्थानीय झगड़े सुलझाते हैं।

पत्थर के इस मंच पर बोंडा समुदाय की अदालत लगती है।

पत्थर के इस मंच पर बोंडा समुदाय की अदालत लगती है।

लक्ष्मी के घर में ही बोंडा समुदाय के रघुनाथ सीसा मिले। वो बताते हैं कि ‘हमारे यहां मृत्यु के बाद जलाने का रिवाज है। मौत के बाद एक या दो महीने के बाद पूरे गांव को भोज दिया जाता है, जिसमें चावल और गौ-मांस खिलाया जाता है। इसे एकोस्याह कहते हैं।

बोंडा समुदाय के त्योहार यहां की रौनक हैं। फसल कटने के बाद पूस का त्योहार जनवरी में आता है। उस दिन नए कपड़े खरीदे जाते हैं। बींस की सब्जी, पहाड़ और पेड़ों की पूजा की जाती है।

पूजा में किसी प्रकार की कोई मूर्ति नहीं होती है। बल्कि अपने पुरखों को याद किया जाता है। उस दिन पारंपरिक डांस मेमे भी किया जाता है। इस त्योहार को अन्नूआल झातिमारा कहते हैं। इस त्योहार को पुरानी दुश्मनी खत्म करने के लिए मनाया जाता है।

सबसे पहले गांव का पुरोहित देवता को मुर्गी समेत कुछ पक्षियों की बलि देता है। अनाज और शराब चढ़ाई जाती है। उसके बाद लोग एक-दूसरे से अपनी दुश्मनी खत्म करते हैं। सभी एक-दूसरे को सलभ पेड़ की शाखा से मारते हैं।

इतना मारते हैं कि पिटने वाले का खून निकल आए और उनका सारा गुस्सा उतर जाए। गुस्सा निकलने के बाद एक-दूसरे को गले लगाते हैं। फिर महिलाएं उनके घावों पर हल्दी लगाती है।

पिटाई से एक शख्स की पीठ की हालत।

पिटाई से एक शख्स की पीठ की हालत।

ये लोग हर साल एक पाठखंडा यात्रा निकलते हैं। यह बोंडा समुदाय का सबसे बड़ा त्योहार है। जिसमें तलवार की पूजा की जाती है। ये तलवार सौ साल पुरानी होती है। इसे पुराने बरगद के पेड़ में छिपाकर टांगा जाता है। ताकि किसी को दिखे ना। हर साल पुजारी ही उसे नीचे उतारता है। फिर इससे बकरे की बलि दी जाती है और तलवार की पूजा की जाती है। यह तलवार इन लोगों के पूर्वजों की है।

तलवार की पूजा में हमेशा ओडिशा के जेपोर राज घराने के लोग शामिल होते हैं। माना जाता है कि ये लोग जेपोर के राजा के सिपाही थे। बीते साल जेपोर के राजा इनकी यात्रा में शामिल होने के लिए आए थे। इस दिन बोंडा समुदाय के 12 गांव के लोग इकट्ठा होते हैं। मेमे डांस भी किया जाता है।

इसी तरह से अक्टूबर-नवंबर में डंगर पूजा होती है, जिसमें मुर्गी की बलि दी जाती है। दो अंडे फोड़े जाते हैं।

अगर घर में किसी के साथ कुछ बुरा हो जाए तो डुमा पूजा करते हैं। इसमें घर के अंदर मिट्‌टी की एक आकृति बनाई जाती है। जो उनके किसी पूर्वज की होती है। इस आकृति में आत्मा बुलाते हैं और उसकी पूजा करते हैं। आत्मा को बींस, सुअर और गाय के मांस का भोग लगाते हैं।

बोंडा समुदाय के ये लोग ओडिशा के मलकानगिरी जिले से 85 किलोमीटर दूर बोंडा हिल्स पर रहते हैं। पहाड़ों पर बसे इस गांव में ये लोग कांगो, काजू, स्ट्रॉबेरी, आम, बांस, फूल झाड़ू, कटहल और आंवला की खेती करते हैं।

अपने घर के बाहर बैठी एक बोंडा महिला।

अपने घर के बाहर बैठी एक बोंडा महिला।

इस सीरीज में अगले हफ्ते पढ़िए ऐसे ही अनोखे वांचू लोगों की कहानी….

—————————————————-

1- 100 किलो का पत्थर उठाया, लड़की बोली- तुमसे करूंगी शादी:औरतें 5 पति भी रख सकती हैं, 1800 अनोखे ‘टोडा’ लोगों की कहानी

सुबह की हल्की धुंध अभी पहाड़ियों से हटी नहीं है। घास पर जमी ओस चमक रही है। मैदान के किनारे जंगल में एक पुराने पेड़ के नीचे लोग जमा हुए हैं। इसी पेड़ के नीचे एक बड़ा इम्तिहान होने वाला है। पूरी कहानी यहां पढ़ें



Source link

Share This Article
Leave a Comment