धनबाद : शहर में छमछम किन्नर और सुनैना किन्नर गुट के बीच पिछले कई दिनों से चल रहे सीमा विवाद पर शनिवार को प्रशासन की पहल से महत्वपूर्ण समाधान निकल आया। धनबाद अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) राजेश कुमार की अध्यक्षता में दोनों पक्षों के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें बैंक मोड़ थाना प्रभारी, धनसार थाना प्रभारी और धनबाद सीओ भी मौजूद रहे।
बैठक में 2021 में तत्कालीन SDM द्वारा तय किए गए सीमांकन को ही पुनः लागू करने पर दोनों गुटों ने सहमति जताई। इसी सीमांकन के अनुसार दोनों पक्ष बधाई मांगने का कार्य करेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सीमा का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि मनईटांड़ और कतरास क्षेत्र से जुड़े विवाद को फिलहाल एक माह के लिए टाल दिया गया है। इस दौरान किन्नर समाज अपने पंचों के साथ आपसी सहमति से समाधान खोजने का प्रयास करेगा।
SDM राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व निर्धारित सीमांकन का पालन होगा और शांति बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है। वहीं सुनैना किन्नर ने कहा कि “हम पूर्व में जिला प्रशासन द्वारा लिए गए फैसले को मानेंगे, हालांकि वर्तमान निर्णय से हम पूरी तरह सहमत नहीं हैं।”दूसरी ओर, छमछम किन्नर गुट ने कहा कि “SDM द्वारा कराई गई वार्ता से हम संतुष्ट हैं। मनाईटांड़ क्षेत्र में छमछम गुट और कतरास क्षेत्र में राधा किन्नर बधाई मांगेंगी। पंचों की सहमति से आगे की राह तय होगी।”
प्रशासन की पहल से फिलहाल विवाद शांत हो गया है और दोनों गुट पहले वाले सिमांकन के अनुसार ही अपने क्षेत्र में कार्य करेंगे।
















