---
title: "बुखार में मेडिकल स्टोर संचालक ने लगाया इंजेक्शन, 17 वर्षीय प्राची की मौत से मचा हड़कंप"
url: "https://vandebharattv.com/bukhar-men-medikl-stor-snchalk-ne-lgaya-injekshn-17-vrshiy-prachi-ki-maut-se-mcha-hrknp/"
language: "en-US"
updated: "2026-11-15T17:16:14+00:00"
---

# बुखार में मेडिकल स्टोर संचालक ने लगाया इंजेक्शन, 17 वर्षीय प्राची की मौत से मचा हड़कंप

![News video GIF](https://vandebharattv.com/wp-content/uploads/2026/11/reporter-frame-V5gXVJFCOw.jpg)

बुखार में मेडिकल स्टोर संचालक ने लगाया इंजेक्शन, 17 वर्षीय प्राची की मौत से मचा हड़कंप

भीलवाड़ा। शहर के सुभाष नगर इलाके में बुखार का इलाज कराने गई 17 वर्षीय युवती की जान चली गई। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने खुद ही इलाज करते हुए युवती को इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। परिजन उसे अस्पताल-दर-अस्पताल लेकर भटकते रहे, लेकिन आखिरकार उसे बचाया नहीं जा सका।
 सुभाष नगर थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई ने भीलवाड़ा हलचल को बताया कि सरकारी स्कूल के निकट रहने वाले राकेश मेहता की 17 वर्षीय पुत्री प्राची को बुखार की शिकायत थी। परिजन उसे क्षेत्र के एक मेडिकल स्टोर पर लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि वहां मेडिकल स्टोर संचालक ने स्वयं इलाज करते हुए उसे इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद प्राची की हालत बिगड़ गई।
 परिजन उसे घर लेकर पहुंचे, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उसे रामस्नेही चिकित्सालय ले जाया गया। वहां भी स्थिति में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे गीतांजलि हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान प्राची ने दम तोड़ दिया।
 पोस्टमार्टम के बाद होगी पुलिस जांच
 घटना की सूचना पर सुभाष नगर थाना पुलिस की टीम उदयपुर पहुंची है। पुलिस युवती का पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।
