📍 रांची | 3 नवंबर 2025 झारखंड कैबिनेट ने मांडर विधानसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित कैम्बो मेगा लिफ्ट सिंचाई परियोजना को स्वीकृति दे दी है। इस योजना पर ₹236 करोड़ 20 लाख 81 हजार रुपये की लागत आएगी। योजना के पूर्ण होने पर मांडर और चान्हो प्रखंड के 14 गांवों के 4,055 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्राप्त होगी।
परियोजना के तहत दक्षिणी कोयल नदी से भूमिगत पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पानी लिफ्ट कर पहुंचाया जाएगा। यह योजना विशेष रूप से रबी फसल करने वाले किसानों के लिए वरदान साबित होगी। कार्य वित्तीय वर्ष 2025–26 में शुरू किया जाएगा और दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस मेगा परियोजना में डाइवर्जन संरचना, एप्रोच चैनल, पंप हाउस, पावर सब-स्टेशन, भूमिगत पाइपलाइन, डिलीवरी चैंबर, डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम और कंट्रोल मैकेनिज्म शामिल होंगे। योजना से लाभान्वित होने वाले गांव हैं — कैम्बो, लुंडरी, बरहे, बेजांग, हुटार, चान्हो, सरगांव, मुरजुली, बाँसजारी, गुरगुरजारी, कुरकुरा, बखार, सोसई और बंझिला।मांडर और चान्हो क्षेत्र लंबे समय से सिंचाई की समस्या से जूझ रहे हैं। ऊंचाई पर खेत होने के कारण पारंपरिक नहर प्रणाली से पानी पहुंचाना मुश्किल था। अब इस आधुनिक लिफ्ट प्रणाली से किसानों को सालभर फसल उगाने की सुविधा मिलेगी।
राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री एवं मांडर विधायक शिल्पी नेहा तिर्की ने योजना को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन और सभी सहयोगी मंत्रियों के प्रति आभार जताया।उन्होंने कहा —> “यह परियोजना मांडर और चान्हो के किसानों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी। रबी फसल करने वाले किसानों को इससे बड़ी राहत मिलेगी और वे आर्थिक रूप से सशक्त बनेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने किसानों के हित में यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मांडर के विकास की यह सिर्फ शुरुआत है, आगे और भी योजनाएं धरातल पर उतरेंगी।”📰 #JharkhandCabinet #Mandar #Chanho #CamboLiftIrrigation #ShilpiNehaTirkey #HemantSoren #FarmersFirst
















