13 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस की फिल्म धड़क 2 को सेंसर बोर्ड से पास कर दिया गया है। हालांकि इससे पहले फिल्म में एक या दो नहीं बल्कि पूरे 16 कट लगाए गए हैं। सेंसर ने फिल्म में दिखाए गए कुछ हिंसक सीन और जातिसूचक डायलॉग्स पर आपत्ति जताई है।
सभी बदलावों के सुझाव के बाद सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन ने फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दिया गया है। कट्स लगने के बाद फिल्म का रन टाइम 2 घंटे 26 मिनट होगा।
इन सीन में किए जाएंगे बदलाव-
- जातिसूचक शब्दों वाले सीन को बदलना होगा या उस हिस्से को म्यूट करना होगा।
- फिल्म के कुछ हिंसक सीन हटाए जाएंगे या उनमें बदलाव होगा।
- पॉलिटिकल डायलॉग्स म्यूट होंगे या उन्हें हटाया जाएगा।
दो बार पोस्टपोन हो चुकी है धड़क 2
बताते चलें कि करण जौहर के प्रोडक्शन की फिल्म धड़क 2 शुरुआत में 22 नवंबर 2024 में रिलीज होने वाली थी। मेकर्स ने मई 2024 में इसका ऐलान किया था। हालांकि मेकर्स ने कारण बताए बिना ही फिल्म पोस्टपोन कर दी थी। इसके बाद फिल्म को फरवरी 2025 में रिलीज किया जाने वाला था, हालांकि ऐसा नहीं हुआ।

फिल्म धड़क 2, साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म धड़क की सीक्वल है। धड़क से जान्हवी कपूर और ईशान खट्टर ने बॉलीवुड डेब्यू किया था। ये फिल्म 2016 की मराठी फिल्म सैराट की हिंदी रीमेक थी। फिल्म ने 100 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन किया था। अब सीक्वल फिल्म में तृप्ति डिमरी और गली बॉय फेम एक्टर सिद्धांत चतुर्वेदी लीड रोल में नजर आने वाले हैं। इसका निर्देशन साजिया इकबाल ने किया है। ये फिल्म भी तमिल फिल्म परियेरुम पेरुमल की रीमेक होने वाली है। फिल्म 11 जुलाई को रिलीज हो सकती है।