अमृत भारत एक्सप्रेस के शुभारंभ में अव्यवस्था और सियासी हंगामा, सुरक्षा चूक से बाल-बाल बचे लोग

editor
2 Min Read

धनबाद: धनबाद रेल मंडल अंतर्गत नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन, गोमो स्टेशन पर बीती रात हावड़ा–आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान अफरा-तफरी और अव्यवस्था का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम जहां एक ओर रेलवे की उपलब्धि के रूप में प्रचारित किया जा रहा था, वहीं दूसरी ओर सुरक्षा चूक और राजनीतिक विवाद के कारण यह सुर्खियों में आ गया।

कार्यक्रम में गिरिडीह सांसद सीपी चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। हालांकि, ट्रेन निर्धारित समय से विलंब से स्टेशन पहुंची और रवाना होते ही अचानक तेज रफ्तार पकड़ लेने से प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सिग्नल मिलते ही ट्रेन की गति अचानक बढ़ गई, जिससे प्लेटफॉर्म पर खड़ी आजसू महिला नेत्री यसोदा देवी सहित कई लोग बाल-बाल बच गए।

स्थिति बिगड़ती देख रेलवे को आनन-फानन में ट्रेन रोकनी पड़ी, जिसके बाद महिला नेत्री को सुरक्षित सवार कराया गया। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसी दौरान मंच पर राजनीतिक मर्यादा भी तार-तार होती दिखी। कार्यक्रम के दौरान मंच से टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो का नाम नहीं लिए जाने पर उनके प्रतिनिधि जगदीश चौधरी भड़क उठे। उन्होंने मौके पर मौजूद रेल अधिकारियों को जमकर फटकार लगाते हुए आरोप लगाया कि मंच से पूर्व विधायक का नाम लिया गया, लेकिन क्षेत्र के वर्तमान विधायक को जानबूझकर नजरअंदाज किया गया।

विधायक प्रतिनिधि ने इसे खुला अपमान बताते हुए कहा कि विधायक को आमंत्रण देकर बुलाया गया, लेकिन मंच पर उचित सम्मान नहीं दिया गया। उन्होंने इस पूरे मामले की डीआरएम से शिकायत करने की बात कही।

कुल मिलाकर, अमृत भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ गोमो में जहां एक ओर नई रेल सेवा की शुरुआत का प्रतीक था, वहीं दूसरी ओर अव्यवस्था, सुरक्षा में चूक और सियासी बवाल के कारण यह कार्यक्रम विवादों में घिर गया।

Leave a Comment