कतरास: ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में अव्यवस्था, समय से पहले अधिकारियों के लौटने से नाराज़ हुए ग्रामीण

editor
2 Min Read

कतरास, बाघमारा प्रखंड:छोटा नगरी पंचायत में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम में अव्यवस्था और अवमानक व्यवस्था के कारण ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी देखी गई। लाभुकों को जमीन पर बैठकर आवेदन भरने पड़े, वहीं कई ग्रामीण शिकायतों और आवेदनों के निपटारे की उम्मीद लेकर पहुंचे थे, लेकिन निर्धारित समय से पहले ही अधिकारी कार्यक्रम स्थल से लौट गए, जिससे कई लोग अपना आवेदन भी जमा नहीं कर सके।

कार्यक्रम स्थल पर अबुआ आवास, बाल विवाह रोकथाम योजना, श्रम नियोजन, आधार कार्ड सुधार, नामांकन जैसी सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित हुए थे। लेकिन अधिकारियों के जल्दी लौट जाने से ज्यादातर लोग निराश और हताश होकर वापस घर लौट गए।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि “जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया। सरकार कार्यक्रम तो चला रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसकी व्यवस्था बेहद कमजोर है।”

कार्यक्रम में बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद तो थे, पर समुचित व्यवस्था और समयबद्ध कार्यवाही का अभाव स्पष्ट दिखाई दिया।मौके पर मुखिया संतोष महतो, पूर्व मुखिया वंदना देवी, सत्यनारायण महतो, पंसस अनिल रवानी, बैजनाथ रवानी, गणेश रवानी, के. ठाकुर सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसे शिविरों की बेहतर तैयारी की जाए, ताकि लाभुकों को बिना परेशानी के सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

Leave a Comment