मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास परिसर से बिहार पुलिस के लिए खरीदे गए 520 चार पहिया और 98 दो पहिया वाहनों का लोकार्पण किया। उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सभी वाहनों को रवाना किया।
.
इसके पहले मुख्यमंत्री ने सभी वाहनों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से उनकी कार्य प्रणाली की जानकारी भी ली।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन नए वाहनों से पुलिस की कार्यक्षमता और दक्षता में वृद्धि होगी, जिससे आम लोगों को सुरक्षा का और अधिक भरोसा मिलेगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस पुलिस बल कानून-व्यवस्था को और बेहतर ढंग से संभाल पाएगा।
वाहनों का निरीक्षण करते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।
DGP और दोनों डिप्टी CM भी रहे मौजूद
कार्यक्रम की शुरुआत में DGP विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को एक पौधा भेंटकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि और गृह विभाग के सचिव प्रणव कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

CM के साथ मौजूद दोनों डिप्टी CM और अन्य अधिकारी।
इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, स्पेशल ब्रांच और प्रोविजनिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जैसे अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, सुनील कुमार, अजिताभ कुमार और पटना रेंज की पुलिस महानिदेशक गरिमा मलिक भी उपस्थित रहीं।
इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि बिहार पुलिस की मुस्तैदी और गश्ती व्यवस्था में सुधार आएगा, जिससे आम जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।