धनबाद। भारत सरकार के कोयला सचिव विक्रम देव दत्त शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे। दौरे के दौरान उन्होंने झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार (जेआरडीए) कार्यालय में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में झरिया क्षेत्र से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, चल रही परियोजनाओं की प्रगति और बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने पुनर्वास योजनाओं को प्रभावित परिवारों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए अधिकारियों को इन्हें पारदर्शिता और तय समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक के बाद कोयला सचिव ने बेलगड़िया पुनर्वास स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलोनी में आवासीय व्यवस्था, सड़क, बिजली, पानी, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कोयला सचिव के इस दौरे में जेआरडीए और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि उनके निरीक्षण और समीक्षा से झरिया पुनर्वास परियोजना में गति आएगी और प्रभावित परिवारों को शीघ्र ही बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा।





















