रांची :झारखंड के मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ और हिमालयी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी का असर राज्य में साफ तौर पर दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के न्यूनतम तापमान में अगले 24 से 48 घंटों के दौरान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सर्दी और ठिठुरन बढ़ेगी।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंडी और शुष्क हवाएं झारखंड की ओर बढ़ रही हैं। इसके प्रभाव से सुबह और रात के समय कड़ाके की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में धूप निकलने के बावजूद कनकनी बनी रहेगी। आने वाले एक सप्ताह तक ठंड का असर जारी रहने की संभावना है।
15 जिलों में घने कोहरे की चेतावनीमौसम विभाग ने आज और कल के लिए झारखंड के 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, लातेहार, लोहरदगा और गुमला शामिल हैं। सुबह के समय दृश्यता कम रहने से सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
तापमान में और गिरावट के आसारबीते 24 घंटों में कांके का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री, मैकलुस्कीगंज का 6.5 डिग्री और गुमला का 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री और अधिकतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान और गिरने की संभावना जताई है।
यातायात सेवाएं प्रभावितशनिवार रात रांची में घने कोहरे के कारण हवाई और रेल सेवाएं प्रभावित रहीं। कोलकाता, दिल्ली, पुणे और हैदराबाद से आने वाली कई उड़ानें एक से दो घंटे की देरी से पहुंचीं। वहीं, कई ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से विलंब से चलीं।
सावधानी बरतने की अपीलमौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। विशेषकर ग्रामीण और खुले इलाकों में ठंड का असर अधिक रहने की चेतावनी दी गई है।
















