धनबाद: गोविंदपुर में कांग्रेस का एकदिवसीय कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न, लोकसभा उम्मीदवार अनुपमा सिंह ने भरी हुंकार

editor
2 Min Read

धनबाद। गोविंदपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा खरनी पंचायत में आज अपराह्न 2 बजे से एकदिवसीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद लोकसभा क्षेत्र की उम्मीदवार श्रीमती अनुपमा सिंह तथा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनके तेल्य चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सम्मेलन की अध्यक्षता गोविंदपुर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज कुमार हाड़ी तथा संचालन रवि चौधरी ने किया।

मुख्य अतिथि अनुपमा सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस संगठन लगातार संघर्षरत है। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबाने की कोशिश करने वाली हर ताकत को कांग्रेस कार्यकर्ता लोकशक्ति से जवाब देंगे। साथ ही उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे हमेशा जनता और कार्यकर्ताओं के लिए उपलब्ध रहेंगी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा जब कार्यकर्ता आम जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को समझेंगे और समाधान की दिशा में कार्य करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि जिला नेतृत्व हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।

अध्यक्ष मनोज कुमार हाडी ने कहा कि महागठबंधन सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। हाल ही में सेवा का अधिकार दिवस और जनता दरबार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आम जनों की समस्याओं को उठाया और उनके समाधान में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में इरफान खान, चौधरी शरीफ अंसारी, मसूद आलम, आशीष सिंह, संतोष चौधरी, संतोष मोदक, अनिल रविदास, देव नारायण पंडित, चंदन राय, ठाकुर कुमार समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता — पिंकी देवी, मीना देवी, मंजू देवी, संजू देवी, गुलाबी देवी, रोशनी देवी, अनीता देवी आदि उपस्थित रहीं। सम्मेलन में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही, जिससे पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ समाप्त हुआ।

Leave a Comment