सदर अस्पताल परिसर में पंचकर्मा भवन के पास पक्की दीवार का निर्माण पूरा

editor
2 Min Read

धनबाद | 14 जनवरी 2026सदर अस्पताल परिसर में नवनिर्मित पंचकर्मा भवन के समीप पक्की दीवार (चहारदीवारी) का निर्माण कार्य आज सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया। यह कार्य अस्पताल की भूमि को सुरक्षित रखने और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए कराया गया है।

गौरतलब है कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर बीते शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी श्री लोकेश बारंगे ने सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. संजीव कुमार प्रसाद के साथ पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की भूमि, सीमाओं और विभिन्न निर्माण कार्यों से जुड़े पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई थी।

निरीक्षण के क्रम में अस्पताल की जमीन को सुरक्षित करने की आवश्यकता को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सदर अस्पताल के पीछे स्थित भूमि की विधिवत मापी कराकर शीघ्र चहारदीवारी निर्माण के निर्देश दिए गए थे। निर्देश के आलोक में तत्काल निर्माण कार्य शुरू कराया गया, जो आज पूर्ण कर लिया गया है।

उल्लेखनीय है कि सदर अस्पताल परिसर में भविष्य में मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण का प्रस्ताव है। ऐसे में पर्याप्त भूमि की उपलब्धता और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। पक्की दीवार के निर्माण से अस्पताल परिसर की सीमा स्पष्ट होने के साथ-साथ अतिक्रमण की संभावनाओं पर भी प्रभावी रोक लगेगी।प्रशासन का यह कदम स्वास्थ्य अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Leave a Comment