धनबाद: रेलवे ग्राउंड में सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने किया। 14 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में जिले भर के हजारों खिलाड़ी विभिन्न खेलों में हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से धनबाद में खेल संस्कृति को मजबूत किया जा रहा है। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, जिससे उनका सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक मजबूती देता है, बल्कि अनुशासन और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है।
इस महोत्सव में क्रिकेट के अलावा फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, मैराथन, जूडो, शतरंज, बास्केटबॉल और तीरंदाजी सहित कई खेल शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आयोजित इस महोत्सव में करीब 20 हजार प्रतिभागी भाग ले रहे हैं।
महोत्सव का उद्देश्य “फिट युवा, स्ट्रांग सीनियर और आत्मनिर्भर दिव्यांगजन” की सोच को साकार करना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, आयोजकों और खेल प्रेमियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

















