सरायगढ़ बाईपास रेल लाइन का सीआरएस द्वारा निरीक्षण, 110 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल

editor
2 Min Read

हाजीपुर, 16 जनवरी 2026।रेल संरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम के तहत आज श्री गुरु प्रकाश, संरक्षा आयुक्त (रेलवे), पूर्वी परिमंडल, कोलकाता ने समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत बैजनाथपुर अंदौली एवं न्यू झाझा स्टेशनों के बीच नवनिर्मित 4.22 किमी लंबे सरायगढ़ बाईपास रेल लाइन का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सीआरएस ने मोटर ट्रॉली के माध्यम से पूरे रेलखंड का बारीकी से जायजा लिया। इसके उपरांत इस नवनिर्मित बाईपास लाइन पर विशेष ट्रेन के माध्यम से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा।इस अवसर पर समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा सहित निर्माण विभाग एवं समस्तीपुर मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि अब तक निर्मली–सरायगढ़ मार्ग से दरभंगा और सहरसा के बीच चलने वाली ट्रेनों को सरायगढ़ स्टेशन पर इंजन रिवर्सल करना पड़ता था, जिससे समय की बर्बादी होती थी। इस बाईपास लाइन के चालू हो जाने से अब ट्रेनों का सरायगढ़ में बिना इंजन रिवर्सल किए निर्बाध परिचालन संभव हो सकेगा, जिससे यात्रा समय में कमी आएगी और परिचालन दक्षता बढ़ेगी।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह बाईपास रेलखंड क्षेत्रीय रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवा प्रदान करने में अहम भूमिका निभाएगा।

Leave a Comment