झरिया: सुदामडीह थाना क्षेत्र के पलटुन ग्राउंड में मंगलवार को संदिग्ध हालात में 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का शव बीम को सहारा देने वाले पाइप से बेल्ट के सहारे लटका हुआ पाया गया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हर पहलू से छानबीन की जा रही है।
मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए युवक की हत्या कर शव को लटकाए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि युवक का किसी से विवाद था, जिसकी भी जांच होनी चाहिए। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कह रही है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
















