धनबाद में सड़कों के निर्माण की मांग तेज, विधायक राज सिन्हा का धरना दूसरे दिन भी जारी भाजपा नेताओं ने दिया समर्थन, सरकार पर गंभीर आरोप

editor
2 Min Read

धनबाद की कई प्रमुख सड़कों के निर्माण कार्य में देरी और कथित लापरवाही के खिलाफ विधायक राज सिन्हा का नगर निगम कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। धरने को समर्थन देने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा।

धरनास्थल पर पहुंचे तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं चंदनक्यारी के पूर्व विधायक अमर बाउरी, पूर्व विधायक अपर्णा सेन गुप्ता और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम सिन्हा शामिल रहे।

अमर बाउरी ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि नगर निगम की कई योजनाएं पिछले छह वर्षों से ACB जांच के नाम पर अटकी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार के पूरे कार्यकाल में धनबाद के विकास कार्यों की अनदेखी की गई है।

“विधायक राज सिन्हा ने सदन से लेकर सड़क तक कई बार इस मुद्दे को उठाया, लेकिन सरकार ने जनता की समस्याओं को कभी गंभीरता से नहीं लिया। जनता के विकास के मुद्दे पर भाजपा पूरी मजबूती से साथ खड़ी है और आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा,” — अमर बाउरी

इधर, SIR विवाद को लेकर लोकसभा के बाहर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए अमर बाउरी ने कहा कि विपक्ष शुरुआत से ही बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्या को अपना वोट बैंक मानता रहा है। “SIR उनके वोट बैंक को तोड़ देगा, यही कारण है कि वे इसका विरोध कर रहे हैं,” उन्होंने कहा।

विधायक राज सिन्हा का कहना है कि जब तक नगर निगम धनबाद की जर्जर सड़कों के निर्माण को लेकर स्पष्ट और ठोस कार्रवाई नहीं शुरू करता, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।धनबाद में सड़क मरम्मत और निर्माण का मुद्दा वर्षों से विवादों में रहा है और अब इस पर राजनीतिक तापमान और बढ़ने के आसार हैं।

Leave a Comment