हीरापुर–लॉ कॉलेज सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग, उपायुक्त ने जनता दरबार में सुनीं लोगों की समस्याएं

editor
2 Min Read

धनबाद, 23 दिसंबर 2025:उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में धनबाद, गोविंदपुर, तोपचांची, बाघमारा, निरसा, कलियासोल, कुमारधुबी और टुंडी समेत कई इलाकों के नागरिकों ने अपनी शिकायतें और मांगें रखीं।

इस दौरान हीरापुर के तेलीपाड़ा क्षेत्र से आए लोगों ने उपायुक्त को बताया कि हीरापुर पानी टंकी मोड़ से तेलीपाड़ा होते हुए लॉ कॉलेज तक की सड़क पर अतिक्रमण कर लिया गया है। अतिक्रमण के कारण आए दिन सड़क जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उक्त सड़क को अविलंब अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की।

वहीं तोपचांची के पाठकडीह गांव से आए एक व्यक्ति ने बताया कि उनके गांव में छह वर्ष से कम उम्र के 42 बच्चे हैं, लेकिन गांव में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है। नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर है, जिससे बच्चों और अभिभावकों को कठिनाई होती है। उन्होंने गांव में आंगनबाड़ी केंद्र खोलने का अनुरोध किया।जनता दरबार में इसके अलावा गलत जमाबंदी रद्द करने, मुआवजा भुगतान नहीं मिलने, जाली कागजात के आधार पर सरकारी जमीन पर कब्जा, जेसीबी से घर की बाउंड्री वॉल तोड़े जाने, जमीन मापी में बाधा, तोपचांची के रामाकुंडा पहाड़ पर अवैध पत्थर खनन, सरकारी जमीन का एग्रीमेंट कर राशि हड़पने और गोविंदपुर में बन रहे पैक्स भवन की गुणवत्ता जांच जैसी कई शिकायतें भी सामने आईं।

उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने सभी आवेदनों पर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

Leave a Comment