संविधान दिवस पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने दिलाई शपथ, सामूहिक रूप से पढ़ी गई संविधान की प्रस्तावना

editor
1 Min Read

धनबाद 26 नवंबर 2025-:धनबाद। भारतीय संविधान के लागू होने के 75वें वर्ष यानी प्लैटिनम जुबिली वर्ष के अवसर पर बुधवार को जिला मुख्यालय में संविधान दिवस गरिमा और सम्मान के साथ मनाया गया। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने पदाधिकारियों व कर्मियों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पठन कराया और उन्हें संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

उपायुक्त ने अधिकारियों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल लोकतांत्रिक आदर्शों को व्यवहार में उतारने की अपील की। उन्होंने कहा—“भारतीय संविधान सिर्फ एक पुस्तक नहीं, बल्कि समानता, न्याय, स्वतंत्रता और बंधुत्व की जीवंत भावना है। इसके मूल्यों को हमें न सिर्फ समझना है, बल्कि अपने दैनिक कार्यों में अपनाना भी है।”

कार्यक्रम के दौरान “हम भारत के लोग…” से शुरू होने वाली प्रस्तावना का जोरदार स्वर में पठन किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों ने एक स्वर में देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प दोहराया।संविधान दिवस कार्यक्रम में कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए और राष्ट्र के लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Comment