मकर संक्रांति पर चाइनीज मांझा का प्रयोग न करने की उपायुक्त ने की अपील

editor
1 Min Read

धनबाद | 13 जनवरी 2026-:मकर संक्रांति पर्व को लेकर धनबाद उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने जिलेवासियों से सतर्कता और जिम्मेदारी बरतने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से पतंग उड़ाते समय चाइनीज मांझा (चाइनीज धागा) का उपयोग न करने का आग्रह किया है।

उपायुक्त ने कहा कि चाइनीज मांझा बेहद खतरनाक होता है, जो न केवल बेजुबान पक्षियों के लिए जानलेवा साबित होता है, बल्कि आम नागरिकों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन चुका है। इसकी तेज धार से हर वर्ष कई हादसे सामने आते हैं, जिनमें लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।

उन्होंने बताया कि यह मांझा खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए अत्यंत घातक है। सड़क पर चलते समय गले में चाइनीज धागा फंसने से जान जाने तक की घटनाएं देश के कई हिस्सों में हो चुकी हैं। ऐसी दुर्घटनाएं किसी भी परिवार के लिए अपूरणीय क्षति का कारण बन सकती हैं।उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे मकर संक्रांति का पर्व सुरक्षित और आनंदमय तरीके से मनाएं तथा पतंग उड़ाने के लिए केवल सामान्य और सुरक्षित सूती धागों का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।

Leave a Comment