उपायुक्त ने बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम के लिए किया उत्साहवर्धन, उन्मुखीकरण कार्यशाला में दिए सफलता के मंत्र

editor
2 Min Read

धनबाद19 नवंबर 2025 बाबूडीह स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस प्लस टू धनबाद में बुधवार को शिक्षा विभाग द्वारा उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 2026 में होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में धनबाद जिले का परिणाम बेहतर बनाना था। कार्यशाला में जिले के सभी सरकारी एवं अल्पसंख्यक उच्च विद्यालय तथा प्लस टू विद्यालयों के प्रधानाध्यापक शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने कहा कि संगठित प्रयास, बेहतर रणनीति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण से किसी भी जिले की रैंकिंग में सुधार संभव है। उन्होंने चाईबासा और कोडरमा जिले में अपने कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहाँ “रेल परीक्षा मॉडल” लागू करने से छात्रों के प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार हुआ था। उसी तर्ज पर धनबाद में भी शिक्षकों को लगन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की गई।

उपायुक्त ने कहा,“चाहे योजनाएं कितनी भी अच्छी हों, लेकिन अंततः सफलता शिक्षक के प्रयासों पर निर्भर करती है। शिक्षक ही वह आधार स्तंभ हैं जिनके सहयोग से जिले को राज्य में प्रथम स्थान दिलाया जा सकता है।”

इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा ने बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने छात्रों और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति, समय पर सिलेबस पूरा करने, लगातार रिवीजन और पिछली परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों का अभ्यास करने पर जोर दिया।डीईओ ने कहा कि जिन छात्रों के रेल परीक्षा में कम अंक आए हैं, उनके लिए रिमेडियल क्लास चलाना बेहद जरूरी है, जिससे कमजोर विद्यार्थियों को विशेष सहायता मिल सके।

कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक कंप्यूटर प्रोग्रामर सहित धनबाद प्रखंड के साधन सेवी उपस्थित थे।कार्यशाला का मुख्य संदेश यही रहा कि समन्वित प्रयास, नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्यापन से धनबाद जिले को राज्य की टॉप रैंकिंग में लाया जा सकता है।

Leave a Comment