राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस पर आईआईटी (आईएसएम) में ‘अर्ली स्टार्टअप पिच चैलेंज’ का शुभारंभ, उपायुक्त ने किया उद्घाटन

editor
2 Min Read

धनबाद, 16 जनवरी 2026।राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर अटल कम्युनिटी इनोवेशन सेंटर (एसीआईसी) आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन एवं यस बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आईआईटी (आईएसएम), धनबाद परिसर में “अर्ली स्टार्टअप पिच चैलेंज” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह में उप विकास आयुक्त श्री सन्नी राज, आईआईटी (आईएसएम) के डिप्टी डायरेक्टर प्रो. धीरज कुमार, एसीआईसी आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन की निदेशक प्रो. सौम्या सिंह सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनेक अवसर मिलते हैं, जरूरत है उन्हें पहचानने और सही दिशा में मेहनत करने की। यदि कोई व्यक्ति लगन और परिश्रम के साथ कार्य करे, तो वह हर चुनौती पर विजय प्राप्त कर सकता है। उन्होंने युवाओं को नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग विशेषज्ञों ने मुख्य सत्र में अपने अनुभव साझा किए। फर्स्ट बड ऑर्गेनिक्स के संस्थापक श्री मित्रेश शर्मा ने डी2सी (डायरेक्ट टू कंज्यूमर) ब्रांड निर्माण पर अपने विचार रखे। वहीं मॉडल वर्स के संस्थापक श्री सृजन मेहरोत्रा ने तेजी से एमवीपी (मिनिमम वायबल प्रोडक्ट) विकसित करने और स्टार्टअप को बूटस्ट्रैप करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका पर प्रकाश डाला। यस बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख श्री रबिओल आलम मोल्ला ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस दौरान शुरुआती चरण के स्टार्टअप्स ने विशेषज्ञ जूरी पैनल के समक्ष अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट और इनोवेटिव स्टार्टअप्स को सम्मानित किया गया।मौके पर एसीआईसी आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आकांक्षा सिन्हा, सेवानिवृत्त आईएफएस श्री धीरेंद्र, झारखंड उद्यमी संघ के अध्यक्ष श्री रवि रंजन सिंह सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, स्टार्टअप प्रतिनिधि और छात्र उपस्थित रहे।

Leave a Comment